पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय शूटर गैंग हैरी और ऋतिक बॉक्सर के सक्रिय सदस्य मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया है। आरोपी ने शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी अंकित अग्रवाल से लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम पर ₹10 करोड़ की फिरौती मांगी थी और रकम न देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी।
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी 8 दिनों से फर्जी आधार कार्ड के जरिए एक होटल में पहचान छिपाकर रह रहा था और लगातार व्यापारी के घर की रेकी कर वीडियो गैंगस्टर को भेज रहा था। पुलिस की सक्रियता से आरोपी पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग करने की तैयारी के दौरान ही पकड़ा गया। उसके पास से 6 पेट्रोल बम, दो मोबाइल, एक बाइक और नकली दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि जयपुर निवासी मनीष पहले एक परचून दुकान पर काम करता था, लेकिन रसूख और हथियारों के शौक में वह सोशल मीडिया के जरिए गैंग से जुड़ गया। उसे गैंगस्टरों ने मोबाइल पर ही पेट्रोल बम बनाने की ट्रेनिंग दी थी और इस काम के लिए ₹1 लाख एडवांस भी दिए थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि अशोकनगर की वारदात के बाद उसे इंदौर में एक अन्य काम के लिए जाना था।
