रीवा बायपास पर बीहर नदी के पुराने पुल में गंभीर दरार आ गई है। यह पुल उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला अहम मार्ग है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 30 अप्रैल तक इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। ट्रैफिक डायवर्ट, बढ़ा दबाव
पुल बंद होने के बाद प्रयागराज और वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मैहर-सतना-चित्रकूट मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। अचानक बढ़े ट्रैफिक के कारण मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर देर रात करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। हाईवे पर पुलिस तैनात
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मैहर पुलिस की टीमें हाईवे पर तैनात की गई हैं। पुलिस लगातार ट्रैफिक को नियंत्रित करने में जुटी है ताकि जाम की स्थिति न बने। प्रशासन की अपील, तय किए गए रूट
मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले भारी वाहन अब मैहर, सतना और चित्रकूट के रास्ते ही जाएं। वहीं, कार और हल्के वाहन रीवा शहर के अंदर के पुराने मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। जगह-जगह लगाए गए संकेत
पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह रूट डायवर्जन के बोर्ड लगाए हैं, ताकि वाहन चालक आसानी से वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकें और किसी तरह की परेशानी न हो।
