खुरई में वन विभाग की टीम ने एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर पर छापा मारकर अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई सहोद्राबाई राय वार्ड में गुरुकुल स्कूल के पीछे, रेलवे लाइन के पास अंजाम दी गई। वन विभाग को खबर मिली थी कि रेलवे लाइन के पास एक घर में सागौन की लकड़ी का काला कारोबार चल रहा है। रेंजर चंद्रभूषण सिंह ठाकुर ने तुरंत टीम बनाकर मौके पर भेजी। जब टीम रिटायर्ड अधिकारी के घर पहुंची, तो उन्हें अंदर जाने से रोका गया। इसके बाद विभाग ने सर्च वारंट जारी कर घर का कोना-कोना छाना। शुरुआत में तो कुछ नहीं मिला, लेकिन टीम को एक बंद कमरे पर शक हुआ। किराएदार का बहाना बना, पर खिड़की ने खोल दी पोल घर वालों ने दावा किया कि वह कमरा किराए पर दिया गया है और चाबी किराएदार के पास है। हालांकि, जब वन विभाग के कर्मचारियों ने खिड़की से अंदर झांका, तो वहां सागौन की लकड़ी का ढेर लगा था। इसके बाद सख्ती दिखाते हुए कमरा खुलवाया गया और लकड़ी जब्त की गई। 30 हजार की लकड़ी जब्त, मामला दर्ज डिप्टी रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले में विक्रम सिंह दोहरे के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। जब्त की गई सागौन की कीमत करीब 30 हजार रुपए आंकी गई है, जिसे फिलहाल वन विभाग के दफ्तर में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
