रतलाम में राजस्थान के चित्तोड़गढ़ जिले के दो ट्रक ड्राइवरों को इतना पीटा की एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल है। दोनों ड्राइवर सगे भाई है। महाराष्ट्र से दोनों अलग-अलग ट्रकों में पपीता व कपास लेकर आ रहे थे। ट्रक में भरे पपीते से पानी की छिटे लगने से बाइक सवारों ने समझा कि ड्राइवर ने थूका है। इसी बात को लेकर लाठी और टॉमी से हमला किया। घटना बुधवार देर रात की है। पपिता लेकर राजस्थान जा रहे थे दोनों भाई
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे जिले के बिलपांक थाना अंतर्गत बिलपांक व चिकलिया टोल नाके के बीच एक होटल की है। पुलिस के अनुसार राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के छोटी सादड़ी के गांव गजसिंह की बागल के रहने वाले उदयसिंह तंवर (42) महाराष्ट्र के सादरा से ट्रक में पपीता लोड कर कर निकले। भाई भगवानसिंह (39) पिता भेरुसिंह तंवर खंडवा के सनावद से कपास भर कर ट्रक से राजस्थान जाने के लिए निकले थे। दोनों भाई की मुलाकात मानपुर में हुई। इसके बाद एक साथ दोनों ट्रक लेकर निकले। दोनों आगे पीछे चल रहे थे। बाइक सवारों ने समझा ड्राइवर ने थूका बुधवार रात पपीता से भरा ट्रक आगे चल रहा था। रतलाम की तरफ आने के दौरान फोरलेन पर बिलपांक थाना अंतर्गत बिलपांक के पहले ट्रक से पानी के छीटे उड़े। इस दौरान ट्रक के पीछे चल रहे बाइक सवार भरत भूरिया पिता बाबूलाल (40) निवासी चिकलिया, इसका बेटा सूरजव भतीजा रोहित पिता रामेश्वरलगा कि ड्राइवर ने थूका है। जो कि उनके ऊपर आया। बाइक सवारों ने ट्रक को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। लेकिन ट्रक ड्राइवर नहीं रुका। कुछ दूरी पर जाकर फोरलेन स्थित चिकलिया टोल नाके के पहले बिलपांक फंटे पर संदीप चाय वाले की होटल पर जाकर ट्रक रोका। इस दौरान बाइक सवार भी पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। विवाद करने लगे। तभी छोटा भाई भगवानसिंह भी ट्रक लेकर होटल पर पहुंचा। देखा कि कुछ लोग बड़े भाई के साथ मारपीट कर विवाद कर रहे है। तब वह भी लट्ठ लेकर पहुंचा और उनको दूर करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। तभी बाइक सवारों जो कि पास के चिकलिया गांव के रहने वाले थे, इन्होंने अपने रिश्तेदारों व अन्य लोगों को होटल पर बुला लिया। इस दौरान दोनों ट्रक ड्राइवर भाईयों के साथ लट्ठ व टॉमी से हमला कर मारपीट की। कपास की ट्रक में शामिल क्लीनर धनराज पिता दुर्गालाल ढोली निवासी बिजोरिया जिला भीलवाड़ा राजस्थान ने तुरंत 112 पर सूचना की। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया मारपीट में घायल दोनों ट्रक ड्राइवरों को मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया। इलाज के दौरान एक घंटे बाद कपास से भरे ट्रक ड्राइवर भगवानसिंह की मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर भाग गए थे। जिन्हें तलाश किया। पीछा कर मारा घायल भाई उदयसिंह तंवर ने दैनिक भास्कर को बताया वह लोग सातरुंडा से ट्रक के आगे-पीछे चल गाली गलौच कर रहे थे। हमने ध्यान नहीं दिया। हम आगे चल कर चाय पीने रुके। तभी वह लोग आ गए। आते से ही मारपीट करने लगे। टामी से मारा। पपीता का पानी निकलता है तो पास में होकर गाड़ी निकली तो हो सकता है उनके छींटे लग गए थे। मानपुर से हम साथ में चल रहे थे। नागदा में हमने भी खाना खाया। उसके बाद वापस एक साथ निकले। इनके साथ और भी लोग आए थे जिन्होंने मारपीट की। दोपहर में शव लेकर गए पुलिस ने रात में परिजनों को सूचना दी। परिजन रात में पहुंचे। रतलाम जिले में रहने वाले रिश्तेदार भी पहुंचे। गुरुवार सुबह मृतक ड्राइवर का पीएम हुआ। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा। दोपहर करीब 12.15 बजे शव लेकर परिजन राजस्थान के लिए रवाना हुए। साथ में घायल भाई को भी लेकर गए। परिजनों के मुताबिक दोनों भाईयों के अपने खुद के ट्रक थे। एक आरोपी अहमदाबाद रैफर मारपीट करने में शामिल आरोपी पक्ष का एक व्यक्ति को अहमदाबाद रैफर किया है। थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया 8 लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज किया है। 7 को पुलिस कस्टडी में ले लिया है। एक अहमदाबाद इलाज के लिए गया है। एएसपी विवेककुमार लाल ने बताया दोनों भाई ड्राइवर थे। जो अपनी-अपनी ट्रक में सामान भर कर लेकर जा रहे थे। ट्रक से रस या कुछ अन्य चीज गिरी तो पीछे बाइक सवारों ने विवाद कर मारपीट की। इसमें एक ड्राइवर की मौत हो गई है। कुछ सस्पेक्ट को राउंडअप कर लिया है।
