बैतूल के ग्राम मालवर में मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था का तीन दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को शुरू हुआ। इस आयोजन में राजमाता फुलवतीदेवी कांगे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। राजमाता कांगे, जो कांगे मांझी संस्था नई दिल्ली की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, ने आदिवासी समाज को एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ही समाज की आवाज को सशक्त बनाया जा सकता है। राजमाता ने राष्ट्रहित, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए सभी आदिवासियों से संगठित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष राहुल उइके और घोड़ाडोंगरी के जनपद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम 9 फरवरी तक चलेगा, जिसमें सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ संस्था का परिचर्चा सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
