Homeमध्यप्रदेशरतलाम में चक्काजाम पर FIR:करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह समेत 40 लोगों पर...

रतलाम में चक्काजाम पर FIR:करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह समेत 40 लोगों पर केस; पूर्व नपा अध्यक्ष पर हमले के विरोध में किया था प्रदर्शन

रतलाम जिले के पिपलौदा में मंगलवार को सड़क पर बैठकर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर सहित 5 नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पिपलौदा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी पटेल पर 19 मार्च को हुए चाकू हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर समर्थकों, समाजजनों और करणी सेना ने मंगलवार को पिपलौदा बंद कर नाका रोड पर प्रदर्शन किया था, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में दर्ज की गई एफआईआर के बाद अब फोटो और वीडियो के आधार पर अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 19 मार्च को पूर्व नपा अध्यक्ष पर हुआ था चाकू से हमला पिपलौदा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी पटेल के ऊपर 19 मार्च की रात चाकू से हमला हुआ था। पुलिस ने इस मामले में जितेंद्र राठौर उर्फ जीतू अन्ना (निवासी पिपलौदा, हालमुकाम बांसवाड़ा) व उसके एक साथी के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया था। हालांकि, घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया था पिपलौदा बंद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पटेल के समर्थकों और समाजजनों ने मंगलवार को पिपलौदा बंद का आव्हान किया था। इस प्रदर्शन में समाजजन, समर्थक व करणी सेना परिवार के जीवनसिंह शेरपुर भी शामिल हुए थे। दोपहर एक बजे तक नगर बंद रहा। विरोध प्रदर्शन के दौरान पिपलौदा के नाका रोड पर बैठकर धरना दिया गया और रोड जाम किया गया, जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी दी थी, जिसके दो घंटे बाद यह चक्काजाम खत्म हुआ था। जीवनसिंह शेरपुर समेत इन 5 लोगों पर नामजद FIR पिपलौदा थाना पुलिस ने ग्राम नवेली (थाना कालुखेड़ा) निवासी दिलीप सिंह (30) पिता कुंदनसिंह डोडिया की रिपोर्ट पर 5 नामजद समेत अज्ञात करीब 30 से 40 लोगों पर केस दर्ज किया है। जिन लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज हुआ है, उनमें करणी सेना परिवार प्रमुख जीवनसिंह (निवासी गांव शेरपुर), हनी कटारिया (निवासी पिपलौदा), राहुल खारोल (निवासी पिपलौदा), असलम मेव (निवासी जावरा) और बसंतीलाल राठौर (निवासी पिपलौदा) शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ धारा 126(2), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी बोले- फोटो और वीडियो से हो रही शिनाख्त पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और तस्वीरों के आधार पर चक्काजाम करने वाले अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली ने बताया कि, “पांच नामजद समेत अज्ञात 40 लोगों पर केस दर्ज किया है। फोटो, वीडियो के आधार पर शिनाख्त की जा रही है।”

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here