खातेगांव में शुक्रवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब ग्राम संदलपुर से आए परिजनों ने 25 वर्षीय युवक राहुल नाथ का शव बस स्टैंड के सामने सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि राहुल की हत्या की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। दरअसल, गुरुवार तड़के इंदौर-बैतूल नेशनल फोरलेन हाईवे पर नेमावर रोड स्थित दाना बाबा बाईपास के पास एक युवक का शव पड़ा मिला था। सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव को खातेगांव के शासकीय अस्पताल भेजा गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान 25 वर्षीय राहुल पिता सालगराम नाथ, निवासी संदलपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि राहुल की मौत सामान्य नहीं है। शव पर सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के निशान पाए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की रात राहुल गांव के ही तीन-चार युवकों के साथ था। उन्हीं में से कुछ लोग उसे बाइक पर बैठाकर कहीं ले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि राहुल की हत्या किसी सुनसान स्थान पर कर शव को हाईवे पर लाकर फेंका गया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि शव के साथ बर्बरता की गई और संभवतः उसे बाइक से बांधकर घसीटा गया। बताया जा रहा है कि राहुल अपनी मां के साथ अकेला रहता था और मजदूरी कर जीवन यापन करता था। परिवार में उसकी मां के अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं है। शुक्रवार को आक्रोशित परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव लेकर खातेगांव पहुंचे और थाने के सामने सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
