मुरैना के पोरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में होली पर छुट्टी आए मप्र पुलिस के आरक्षक ने गांव में विवाद होने पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। इस घटना में पहले दो पक्षों में विवाद हुआ और दोनों तरफ से फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में राउंडअप किया है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है । आरक्षक ने की फायरिंग पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कॉन्थर कलां के मजरा मड़ोखर पर गुरुवार दोपहर दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर बंदूक खींच आई और फायरिंग की गई। इंदौर जिले में पदस्थ पुलिस आरक्षक मलखान सिंह और उसके चाचा धनवीर सिंह तोमर का विवाद बंटू तोमर और अंकित तोमर से हो गया। इस विवाद में दोनों तरफ से बंदूक खींच आई और आरक्षक मलखान सिंह और धनवीर सिंह ने बंदूक से फायरिंग की तो जवाब में अंकित और बंटू ने भी बंदूक से फायरिंग की। बाद में ग्रामीणों ने बीच बचाव किया । घटना का वीडियो भी सामने आया है । एक ही परिवार पुराना विवाद कॉन्थर कलां ग्राम के मजरा मड़ोखर के रहने वाले एक ही परिवार के बंटू तोमर, अंकित तोमर, मोनू तोमर का विवाद आरक्षक मलखान सिंह उसके चाचा धनवीर सिंह के साथ वर्षों से चला आ रहा है। पहले जमीनी विवाद में राजीनामा भी हो चुका था लेकिन आज वहीं पुराने मामले को लेकर पहले बहस शुरू हुई फिर विवाद में दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। एक तरफ से एफआईआर दूसरे की जांच शुरू पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह के अनुसार झगड़े में गोली बारी की सूचना पर कुछ लोगो को राउंडअप किया है। एक पक्ष की और से बंटू और अंकित पक्ष पर केस दर्ज कर दुसरे पक्ष की जांच कर रहे है। अग्रिम कार्रवाई करेंगे।
