मंदसौर शहर के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार सुबह 4 बजे गर्भगृह के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद दिनभर भक्त भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन लाभ ले सकेंगे। मंदिर समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं के सुगम और व्यवस्थित दर्शन के लिए विशेष कतार व्यवस्था बनाई गई है। पर्व के दौरान भगवान पशुपतिनाथ का चार बार विशेष अभिषेक किया जाएगा। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भगवान का विशेष श्रृंगार और भव्य मुख्य आरती आयोजित की जाएगी। सीधे प्रतिमा पर जल अर्पण नहीं मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालु सीधे अष्टमुखी प्रतिमा पर जल अर्पित नहीं कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित जलपात्र की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से ही जल एवं पूजन सामग्री अर्पित की जा सकेगी। मंदिर में विराजित भगवान पशुपतिनाथ की अनूठी अष्टमुखी प्रतिमा के दर्शन के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष भी भक्तों की संख्या में विशेष बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। मंदिर परिसर में निर्मित ‘पशुपतिनाथ लोक’ भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। पुलिस-प्रशासन की विशेष तैयारियां महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार दोपहर एसपी विनोद कुमार मीना ने सीएसपी जितेंद्र भास्कर, थाना प्रभारी और पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एंट्री-एग्जिट गाइडलाइन लागू एसपी के अनुसार मंदिर परिसर में व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की एंट्री और एग्जिट तय गाइडलाइन के तहत कराई जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रण में रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। रूट प्लान तैयार, सीसीटीवी से निगरानी मंदिर प्रांगण में स्थित सभी मंदिरों के दर्शन श्रद्धालु सुव्यवस्थित तरीके से कर सकें, इसके लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी और मैनुअल मॉनिटरिंग के माध्यम से लगातार स्थिति पर नजर रखी जाएगी। भारत-पाक मैच को लेकर अतिरिक्त सतर्कता महाशिवरात्रि के दिन भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को देखते हुए शहर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। एसपी ने कहा कि किसी भी असामाजिक गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। महादेव महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर स्थित आराधना हॉल में शाम 6.30 बजे से “महादेव महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लोक गायन, शिव केंद्रित नृत्य नाटिका और भक्ति गायन की प्रस्तुतियाँ होंगी। इंदौर, देवास और भोपाल के कलाकार इसमें भाग लेंगे। श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
