शहर में शुक्रवार को ग्लैमर और गरिमा का खास संगम देखने को मिला। भोपाल में आयोजित समारोह में द पेजेंट इंडिया कंपनी की एमपी चैप्टर हेड फराह अनवर ने मिसेस इंडिया बियॉन्ड बॉर्डर्स 2026 के पोस्टर का लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने आगामी आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए महिलाओं के आत्मविश्वास, पहचान और संभावनाओं पर विस्तार से बात की। फराह अनवर ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को ऐसा सशक्त मंच देना है, जहां वे अपने जीवन को नई दिशा दे सकें और समाज के सामने प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में उभरें। उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित पेजेंट का आयोजन जुलाई में किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से करीब 50 प्रतिभागी मॉडल हिस्सा लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है। आज के दौर में सुंदरता की परिभाषा बदल रही है—यह केवल बाहरी आकर्षण तक सीमित नहीं, बल्कि अनुभव, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक गर्व का प्रतीक बन चुकी है। यह मंच महिलाओं को सीमाओं से परे अपनी पहचान गढ़ने का अवसर देगा। फैशन का खूबसूरत संगम पोस्टर लॉन्च समारोह में मिस और मिसेज सेंट्रल इंडिया की ब्यूटी क्वीन्स की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में पारंपरिक और समकालीन फैशन का आकर्षक मिश्रण देखने को मिला। फराह अनवर ने बताया कि शो के दौरान भारतीय संस्कृति को दर्शाते विशेष परिधानों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें देश की विविधता, हस्तशिल्प और पारंपरिक वेशभूषा की झलक दिखाई देगी। इस अवसर पर 67 वर्षीय सुषमा, जो मिसेज सेंट्रल इंडिया की विजेता रह चुकी हैं, ने अपनी प्रेरक यात्रा साझा की। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से ताल्लुक रखने वाली और वर्तमान में पुणे में निवासरत सुषमा ने बताया कि युवावस्था में बड़े मंच पर जाने का सपना अधूरा रह गया था, लेकिन मिसेज इंडिया का खिताब जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती।
