भोपाल नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स और जल कर राशि बकाया होने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को 2 संपत्ति कुर्क की गई। वहीं, एक होटल पर भी टीम पहुंची, लेकिन दो माह पहले ही प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया जा चुका था। इसलिए टीम वापस लौट आई। मंगलवार को निगम के अमले ने वार्ड-80 के अल्टीमेट आर्केड निवासी तहसीन खान द्वारा संपत्तिकर की बकाया राशि 7 लाख 99 हजार 762 रुपए और अर्निंग पाईंट के टी-9 तृतीय तल के बकायादार प्रशांत शर्मा, विजेंद्र शर्मा, दीपेश मलिक, दीप विजय अरोड़ा व प्रशांत नायक पर 1 लाख 30 हजार 472 रुपए बकाया होने पर कार्रवाई की। इन सभी की संपत्ति कुर्क की गई। राशि बकाया होने पर टीम गई जोन-19 के अंतर्गत वार्ड-84 में एक होटल है। इस पर 28 लाख रुपए संपत्तिकर बकाया होने की बात सामने आई थी, लेकिन 20 लाख रुपए पहले ही जमा कराया जा चुके थे। यह जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की टीम वापस लौट आई। इधर, जल सुनवाई में 23 नमूने लिए गए इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत के बाद सरकार ने हर मंगलवार को जल सुनवाई करने का फैसला लिया। मंगलवार को भोपाल के सभी 85 वार्डों में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक जल सुनवाई हुई। इस दौरान कुल 23 नमूने परीक्षण के लिए लोगों ने दिए। इन्हें 8 लैब में भेजा गया है। ताकि, पानी की जांच हो सके।
