बड़वानी जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक अनजान ईमेल के जरिए मिली इस धमकी ने पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया। शुक्रवार को आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। धमकी की खबर जैसे ही फैली, कोर्ट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सावधानी बरतते हुए पूरी बिल्डिंग को फौरन खाली कराया गया। वकीलों के चैंबर और आसपास की दुकानें भी बंद करा दी गई हैं। पुलिस ने कोर्ट की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। यह कोर्ट बड़वानी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर है। पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता तैनात मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें बुलाई गई हैं। मौके पर एसपी, एडीएम और एडिशनल एसपी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ कोर्ट के सभी दरवाजों को सील कर दिया है। चप्पे-चप्पे की तलाशी और मुस्तैदी कोर्ट के अंदर बम स्क्वायड और स्वाट टीमें सघन चेकिंग कर रही हैं। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मिलकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और कोर्ट परिसर को अपने घेरे में ले लिया। सतना और मैहर के बाद अब बड़वानी की बारी मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से अदालतों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले सतना और मैहर कोर्ट को भी ऐसी ही धमकियां मिल चुकी हैं। अब जांच टीमें इस बात का पता लगा रही हैं कि क्या इन सबके पीछे किसी एक ही गिरोह का हाथ है या यह किसी की शरारत है। पूरी जांच और एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह केवल किसी की कोरी अफवाह थी या कोई बड़ी साजिश। फिलहाल पुलिस किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती।
