बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिपुरा में बुधवार दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई है। लगभग 2 मिनट तक धरती में कंपन महसूस होने की बात बताई जा रही है। झटके महसूस होते ही ग्रामीण डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। घरों में रखे बर्तन, फर्नीचर और पंखों को हिलते देखा ग्राम मोहिपुरा निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि दोपहर में जब वे घर पर सो रहे थे, तभी 12 बजकर 48 मिनट पर तेज झटका लगा। इसके बाद वे तुरंत बाहर निकले और आसपास के लोगों से जानकारी ली, तब पता चला कि यह भूकंप के झटके थे। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है। ग्रामीणों ने घरों में रखे बर्तन, फर्नीचर और पंखों को हिलते देखा। इंदिरा सागर पावर स्टेशन की भूकंप वेधशाला और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर भी 12 बजकर 48 मिनट पर भूकंप की तीव्रता दर्ज की गई है भूकंप की तीव्रता 3.4 रिक्टर स्केल दर्ज जिला मुख्यालय पर संचालित भूकंप केंद्र में लगी सिस्मोमीटर मशीन में भी यह कंपन 3.4 रिक्टर स्केल का दर्ज हुआ। शहर में स्थापित भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने बताया कि एमईक्यू (माइक्रोअर्थक्विक) मशीन 24 घंटे संचालित होती है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह नर्मदा नगर (पुनासा, खंडवा) सेंटर से रिपोर्ट जारी होती है। बुधवार दोपहर को बड़वानी जिले के अंजड़ क्षेत्र में हलचल दर्ज की गई, जिसकी तीव्रता एमईक्यू मशीन में 3.4 रिक्टर स्केल थी। यह मशीन 40 से 50 किलोमीटर क्षेत्र में जमीनी हलचल की तीव्रता दर्ज करती है।
