जबलपुर में फ्लाईओवर पर रील बनाने को लेकर बार-बार चेतावनी के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक बार फिर एक खतरनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक फ्लाईओवर ब्रिज की ऊंची दीवार पर चलकर स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक की पत्नी नीचे खड़े होकर मोबाइल से उसका वीडियो शूट कर रही है, जबकि उनके साथ उनका बेटा भी मौजूद है। इस दौरान पास से गुजर रहे एक राहगीर ने पूरी घटना को कैमरे में कैद किया और युवक को आगाह भी किया कि जरा सा संतुलन बिगड़ा तो जान जा सकती है, लेकिन इसके बावजूद स्टंट जारी रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मदन महल थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने साफ चेतावनी दी है कि फ्लाईओवर या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ करने वाले की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि आसपास मौजूद लोगों के लिए भी बड़ा जोखिम बनते हैं।
