भोपाल में दो पुलिसकर्मियों ने ई रिक्शाचालक युवक से बदसलूकी की तो उसकी पत्नी ने जहर खा लिया। गुस्साए युवक ने सड़क के बीच में ही रिक्शा पार्क कर दिया, जिससे जाम के हालत बन गए। फिर पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। खूब खरी-खोटी सुनवाई। उनकी बाइक पलट दी। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी भागकर पुराने कंट्रोल रूम में घुस गए। रिक्शाचालक भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया। इस बीच उसकी पत्नी रिक्शा में ही तड़पती रही। अन्य पुलिसकर्मियों की समझाइश पर युवक पत्नी को रिक्शा से ही अस्पताल लेकर रवाना हो गया। घटना भोपाल के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे की है। थाने चलने की धमकी दी तो खाई चूहामार दवा रिक्शाचालक का नाम नवल कुशवाह उर्फ राहुल है। वह बरखेड़ी का रहने वाला है। उसने कहा कि वह पत्नी पूजा के साथ पर्सनल काम से मार्केट जा रहा था। इसी बीच पुराना कंट्रोल रूम तिराहा पर पुलिस ने उसके रिक्शा को रोक लिया। सिग्नल तोड़ने का आरोप लगाया। विरोध किया तो दस्तावेज दिखाने की बात कही। एक पुलिसकर्मी ने उससे झूमाझटकी भी की। थाने चलने की धमकी दी। इससे घबराई पूजा ने पर्स में रखी चूहामार दवा खा ली। देखिए, तीन तस्वीरें… बोला- जब तक पुलिसकर्मी वापस नहीं आते, मैं नहीं जाऊंगा नवल पत्नी पूजा की हालत बिगड़ती देखने के बाद भी करीब 10 मिनट तक तिराहे पर ही हंगामा करता रहा। उसने ट्रैफिक चौकी के बाहर खड़ी पुलिस जवानों की बाइकों में तोड़फोड़ कर दी। लोग उसे समझाते रहे कि वह पहले पत्नी को अस्पताल पहुंचाए। लेकिन वह लगातार कहता रहा कि पत्नी को मर जाने दो। जब तक पुलिसकर्मी वापस नहीं आते, मैं नहीं जाऊंगा। उसने कहा कि रिक्शा चलाकर बमुश्किल घर खर्च निकलता है। इस पर अगर चालान हो जाए या रिक्शा जब्त कर लिया जाए तो जीवन यापन तक मुश्किल हो जाता है। कहने लगा- पत्नी को कुछ हुआ तो पुलिसकर्मी ही जिम्मेदार होंगे नवल ने कहा- चूहामार दवा खाने के बाद पूजा की तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां होने लगीं तो पुलिस वाले भागने लगे गए। उसका आरोप है कि तमाम मिन्नतों के बाद भी पुलिसकर्मी लगातार परेशान कर रहे थे। मेरे पास चालान भरने के पैसे नहीं थे। उनकी वजह से ही पत्नी ने सुसाइड की कोशिश की है। उसे कुछ भी होता है तो पुलिसकर्मी ही जिम्मेदार होंगे। ई-रिक्शा नवल की पत्नी पूजा के नाम पर ही रजिस्टर्ड है। वह मूलरूप से सागर जिले के बरखेड़ी टांडा गांव की रहने वाली है। टीआई बोले- घर लौटने के बाद दंपती में झगड़ा अस्पताल से मिली सूचना के बाद टीटी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। टीआई गौरव सिंह के मुताबिक, पति के बयान दर्ज किए गए हैं। उसने बताया कि कंट्रोल रूम तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस से विवाद हुआ था, लेकिन लोगों ने समझाइश देकर उसे रवाना कर दिया था। घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। गुस्से में पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की हालत जेपी अस्पताल में स्थिर बताई जा रही है। ट्रैफिक एसीपी बोले-नियम तोड़ने पर टोका होगा ट्रैफिक एसीपी अजय बाजपेयी ने कहा कि घटनास्थल पर कोई चेकिंग पॉइंट नहीं लगा था। संभव है कंट्रोल रूम से निकले किसी पुलिसकर्मी ने नियम तोड़ते देख ई-रिक्शा चालक को टोका हो। कार्रवाई की बात सुनते ही युवक उत्तेजित हो गया और अभद्रता करने लगा। एसीपी के अनुसार, विवाद के बाद संबंधित पुलिसकर्मी कंट्रोल रूम लौट गए, इसलिए उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच कराई जा रही है। ये खबर भी पढ़ें… 9 थानों की पुलिस पर पथराव, गाड़ी फोड़ी मध्य प्रदेश के धार जिले में चूना पत्थर खदान में सर्वे के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। तहसीलदार और पुलिस की गाड़ी पर जमकर पथराव किया। पत्थरबाजी में पुलिस और प्रशासन के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पत्थरबाजी के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें भीड़ तहसीलदार की गाड़ी को पलटने की कोशिश करती दिख रही है। पढ़ें पूरी खबर…
