नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर कर्मचरियों के DA से जुड़ी रही। हाईकोर्ट ने AAP सरकार को मुलाजिमों और पेंशनर्स को भी IAS, IPS, और न्यायिक अधिकारियों के बराबर DA देने का आदेश दिया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. कर्मचरियों का DA बढ़ेगा, IAS अधिकारी जितना मिलेगा पंजाब के सरकारी मुलाजिमों और पेंशनरों को अब IAS, IPS और न्यायिक अफसरों के बराबर महंगाई भत्ता (DA) मिलेगा। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने बुधवार को यह आदेश जारी किए। हाईकोर्ट ने AAP सरकार को 30 जून तक अदायगी का आदेश दिया है। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में 3.5 लाख रेगुलर कर्मचारी हैं जबकि 4 लाख से ज्यादा पेंशनर्स हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 2 जुलाई को होगी। जिसमें हाईकोर्ट सरकार से उनके आदेश को लागू करने के बारे में रिपोर्ट देखेगा। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में अभी IAS-IPS अधकिकारियों को 58% DA दिया जा रहा था। वहीं अन्य सरकारी मुलाजिमों और पेंशनरों को 42% ही DA दिया जा रहा था। इसको लेकर मुलाजिमों में काफी नाराजगी थी। ्र सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने अपनी फाइनेंशियल कंडीशन की दलील दी। सरकार ने कहा कि हम इसे क्लियर करना चाहते हैं, लेकिन पैसे की कमी है। अदालत ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुलाजिमों का हक उन्हें देना ही होगा। अगर न दिया तो इसे कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट माना जाएगा। इससे सरकार पर 1400 करोड़ का बोझ पड़ेगा। (पढ़ें पूरी खबर) 2. नवजोत कौर बोलीं- मेरे पति सिद्धू कांग्रेस में नहीं पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी से लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मेरे पति अब किसी भी पार्टी में नहीं हैं। वह भी मेरी तरह ही मनमौजी हैं। मैं भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी जॉइन कर रही हूं, इसके बारे में उन्हें 2 महीने पहले से पता था। 2022 से उन्हें पार्टी ने बुलाया नहीं। वह मेरी तरह मनमौजी हैं। दो महीने पहले पता था कि मैं यहां आ रही हूं। 500 करोड़ वाले बयान पर कहा कि मैंने नहीं कहा। ये चैनल ने कहा था। नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि हमारा मुख्य फोकस किसानों पर रहेगा। किसानों को अफीम की खेती करने की अनुमति देंगे। एक दिन पहले नवजोत कौर सिद्धू ने 9 साल पुरानी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का पोस्टर शेयर किया था। उन्होंने करीब 2 महीने पहले कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 3. चंडीगढ़ निगम की मीटिंग के बीच मेयर का धरना चंडीगढ़ नगर निगम हाउस की बैठक चल रही है। मीटिंग शुरू होते ही हाउस में बवाल हो गया। प्रशासन की ओर से लोगों के घर तोड़ने का मुद्दा कांग्रेस पार्षदों ने उठा दिया। उधर, बवाल के बीच मेयर सौरभ जोशी खुद धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक हाउसिंग बोर्ड की कार्रवाई नहीं रुकती है, तब तक वह नहीं हटेंगे। इससे पहले पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने कहा- पहले मेरी बात सुनी जाएगी। मेरे इलाके में लोगों के घर टूट रहे हैं। लोग परेशान हैं। इस काम में राजनीति नहीं होनी। यह बता दें कि आप लोगों के साथ हैं या नहीं? इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर आरोप लगाए कि इन्हें कोठियों के कब्जे क्यों नहीं दिखते? इस पर मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि हम सभी लोगों के साथ खड़े हैं। इसके लिए ऑल पार्टी कमेटी बनाई गई है। इसके बार पार्षदों ने पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला को निशाना बनाने की कोशिश की। इस पर उनकी मेयर के साथ बहस हुई। (पढ़ें पूरी खबर) 4. कनाडा का PR मिला तो पति छोड़ भागी दुल्हन
लुधियाना में कपूरथला से ब्याह कर आई दुल्हन ने कनाडा की परमानेंट रेजिडेंस (PR) बनते ही रिश्ता तोड़ दिया। 10 फरवरी 2024 को मान सिंह की अमनदीप कौर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद मान सिंह अपनी पत्नी अमनदीप को भी कनाडा ले गया। आरोप है कि कनाडा पहुंचने और वहां का PR हासिल करने के बाद अमनदीप कौर ने अपना असली रंग दिखाया। वह अपने पति मान सिंह को छोड़कर किसी अनजान जगह जाकर रहने लगी। परेशान पति ने उसे काफी समझाया भी। लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पति ने लुधियाना में रह रहे अपने परिजन को सारी बात बता दी। अब वह संपर्क में नहीं है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने महिला, उसके पिता और भाई समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. लुधियाना में लव मैरिज के डेढ़ साल बाद सुसाइड लुधियाना में पति ने बहस के बाद घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उसकी पत्नी से बहस हुई। उसने कहा कि जब से तुम मेरी जिंदगी में आई हो, सब खराब हो गया है। इसके बाद झगड़ा बढ़ा तो पत्नी घर से बाहर चली गई। उसने धमकी दी कि अगर वह घर न लौटी तो सुसाइड कर लेगा। हालांकि, जब वह सुबह लौटी तो पति फंदे से लटका हुआ था। दोनों एक ही जगह सिलाई का काम करते थे और वहीं दोनों में प्यार हुआ। दोनों ने डेढ़ साल पहले यूपी में शादी की थी, जिसके बाद घर से भागकर लुधियाना आ गए थे। उस वक्त स्माइल ने कहा कि वह अभी कुंवारा है। इस वजह से वह उसके झांसे में आ गई। सजदा ने बताया कि शादी के 6 महीने बाद उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। उसके पहली पत्नी से बच्चे भी हैं। हालांकि, पहली पत्नी अलग रहती है। सजदा ने बताया कि स्माइल पहले भी कई बार आत्महत्या करने की धमकी दे चुका था। (पढ़ें पूरी खबर) 6. CM हाउस के बाहर छात्र नेताओं-पुलिस में धक्कामुक्की चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) के कार्यकर्ताओं ने पंजाब सीएम के आवास का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस बीच नेताओं के साथ पुलिस की धक्कामुक्की हुई। पुलिस के रोकने पर SOI के नेता भड़क गए। उन्होंने सीएम भगवंत मान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस SOI के प्रधान राणा रणबीर और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पिछले दिनों सीएम भगवंत मान ने मंच से SOI को स्मैक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया कहा था। संगठन ने इसे अनुचित और छवि खराब करने वाला बताया। इसके विरोध में चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में छात्रों ने मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका था। साथ ही 7 दिनों में बिना शर्त माफी मांगने की बात कही थी। इसे देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर थी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. सिंगर सुनंदा के लॉलीपॉप लागेलू पर ठुमके, भीड़ बेकाबू पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा का शो के दौरन परफॉर्मेंस देते का एक वीडियो सुर्खियो में है। ये शो UP के बरेली में फ्यूचर यूनिवर्सिटी में 5 अप्रैल को था। सुनंदा ने यहां पर भोजपुरी गीत लॉलीपॉप पर ठुमके लगाए, जिससे स्टूडेंट्स बेकाबू हो गए। स्टूडेंट्स ने बैरिकेड तोड़ दिए। भीड़ को काबू करने के लिए यूपी पुलिस को उतरना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया। इसके बाद सुनंदा ने स्टेज पर झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में सहित हिंदी गीतों पर भी डांस किया। सोशल मीडिया पर उनके डांस के वीडियो वायरल हो रहे हैं। भोजपुरी गीत पर ठुमकों के बाद सुनंदा पर बिहार के अवतार का टैग लग रहा है। इससे पहले गाजियाबाद के राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT) में उनके शो के दौरान सुरक्षा में चूक हुई थी। जब सुनंदा परफॉर्म कर रही थीं, तब एक छात्र अचानक बैरिकेड्स फांदकर स्टेज पर चढ़ गया और उनके पैर छूने की कोशिश करने लगा। सुनंदा इतनी डर गईं कि वे जोर से चिल्लाईं और तुरंत स्टेज छोड़कर चली गईं। (पढ़ें पूरी खबर) 8. निहंग रसूलपुर बोले-योगी मॉडल के बिना BJP फेल पंजाब की राजनीति पर निहंग सिंह बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर ने नई बहस खड़ी कर दी है। BJP की खुले दिल से तारीफ करने वाले रसूलपुर ने अपने इंस्टा हैंडल से वीडियो जारी कर कहा कि पंजाब में योगी स्टाइल अपनाए बिना भाजपा कभी नहीं जीत सकती। रसूलपुर ने पहली बार CM भगवंत मान को लेकर सॉफ्ट और कूटनीतिक कटाक्ष किया। रसूलपुर ने कहा कि पंजाब में गुरचरण सिंह टोहड़ा और प्रकाश सिंह बादल के बाद सबसे चालाक और मजबूत नेता भगवंत मान उभरा है। जिस किसी ने भगवंत मान को क्रॉस करने की कोशिश की, उसी का फ्यूचर खत्म कर दिया। रसूलपुर ने कहा कि सिंगर जसबीर जस्सी, कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी, सुच्चा सिंह छोटेपुर सहित सीएम मान ने किसी को नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की दिल्ली छीनने में भी मान का हाथ होने से इनकार नहीं किया जा सकता। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी सिंगर ने यो यो हनी सिंह को कहा ‘बेबी’ पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में दो सुपरस्टार यो-यो हनी सिंह और करण औजला के बीच राइवलरी छिड़ गई है। हनी सिंह ने दिल्ली के अपने हालिया कॉन्सर्ट में बिना नाम लिए करण औजला को ‘6-7’ बताकर तंज कसा था। हालांकि, फैंस समझ गए थे कि यह तंज करण औजला पर ही था। अब करण औजला ने यो-यो हनी सिंह पर काउंटर अटैक किया। करण ने अपने लाइव शो में बिना नाम लिए कहा, “साड्डा 6-7 नहीं बेबी, 5-7 आ!”। यह 5-7 है, यह 6-7 क्या है, ये तो बच्चों वाली बातें हैं। लेवल चेक करो। औजला के हनी सिंह को दिए जवाब पर फैंस ने जमकर शोर मचाया। दरअसल, करण का 5-7 सॉन्ग काफी लोकप्रिय हो रहा है और उस गीत के 36 मिलियन व्यूज हैं। जब यो-यो हनी सिंह ने अपने शो में 6-7 का जिक्र किया तो भी लोगों ने इस गाने को ढूंढकर सुना। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. रिटायर्ड IRS अफसर की अलमारी से निकला चोर मोहाली के पॉश इलाके फेज-7 में रिटायर आईआरएस अधिकारी की बंद कोठी में मंगलवार शाम चोर घुस गया। आरोपी ने घर के अंदर घुसते ही सिलेंडर, बर्तन और पुराने कपडे़ निकालर भागने के लिए पैक कर लिए थे। लेकिन तभी पड़ोसी महिला को इसकी भनक लग गई। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इक्ट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को बुला लिया। इस बीच आरोपी सरेंडर करने के बजाय एक अलमारी में छिप गया। इसके बाद काफी देर तक पुलिस कोठी को खंगालती रही, लेकिन वो कहीं नहीं मिला। जब पुलिस ने घर की अलमारियां खोलकर देखी, तो चोर उसमें छिपा मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अलमारी से निकलता दिख रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)
