राजधानी में धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ई-मेल में दावा किया गया कि कार्यालय में ड्रोन के जरिए चार छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो मंगलवार दोपहर 2 बजे फटेंगे। मेल में सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने की बात भी लिखी गई थी। सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और विभाग के कार्यालय में सर्चिंग कराई गई। सुरक्षा के लिहाज से कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया। एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पूरे कार्यालय की जांच कराई, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। कार्यालय में एक दिन पहले भी इसी तरह का एक मेल आया था, जिसमें पुलिस की तलाशी तकनीकों की जांच करने की बात कही गई थी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच कर रही है।
