नर्मदापुरम में हरदा बायपास स्थित पॉश कॉलोनी अग्रवाल एग्जोटिका में 21 फरवरी की रात को चार चोर बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर घुसे थे। चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़े। जिनमें से एक घर की अलमारी में रखा सोने का हार, मंगलसूत्र, टॉप्स, चांदी की पायल, चेन और 35हजार रुपए नगद चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है। मामले में चार दिन बाद महिला चंपा अधिकारी ने देहात थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हुए थे। जिसमें वो बाउंड्रीवाल कूदते, घूमते और ताला तोड़कर घर में घुसते नजर आएं थे। 22 फरवरी को जब सुबह पड़ोसियों ने एक घर का दरवाजा खुला और ताला टूटा देखा, तब घटना का खुलासा हुआ। तीन सुने घरों के ताले टूटे मिले थे। सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे, एएसआई प्रवीण शर्मा, दीपक पाराशर और कपिल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। दो घरों से कुछ भी सामान चोरी नहीं होने से एफआईआर नहीं कराई थी। तीसरे मकान की मालकिन चंपा अधिकारी मुंबई गई थीं। मुंबई लौटकर जब उन्होंने अलमारी देखी तो उसमें रखा सोने का हार, मंगलसूत्र, सोने का टॉप्स, चांदी की पायल, चांदी की चेन और नगद 35हजार रुपए गायब थे। जिसके बाद उन्होंने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। चोर सीसीटीवी में मकान के बाहर घूमते दिखे सीसीटीवी के समय के अनुसार चोर 21 फरवरी की रात 2 बजकर 8 मिनट पर कॉलोनी में घुसे और 3 बजकर 21 मिनट पर दूसरे कैमरे में दिखाई दिए। वे एक घंटे से ज्यादा समय तक कॉलोनी में घूमते रहे, लेकिन रहवासियों और गार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे पहले साईं हेवन सिटी में भी एक एसपीएम कर्मचारी के घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। चोरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
