Homeदेशदिल्ली में तीन लोगों के मर्डर मामले में तांत्रिक गिरफ्तार:धनवर्षा के नाम...

दिल्ली में तीन लोगों के मर्डर मामले में तांत्रिक गिरफ्तार:धनवर्षा के नाम पर जहर मिले लड्डू खिलाए; UP-राजस्थान में पहले भी 2 मर्डर केस

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में धनवर्षा (अचानक धन लाभ) का लालच देकर तीन लोगों की जहर देकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर जहर मिले लड्डू खिलाए और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कमरुद्दीन उर्फ बाबा के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है और लोनी व फिरोजाबाद में कथित तांत्रिक केंद्र चलाता था। 8 फरवरी को मिली थी PCR कॉल डीसीपी (आउटर) सचिन शर्मा ने बताया कि 8 फरवरी को पश्चिम विहार ईस्ट थाने में PCR कॉल आई थी। सूचना थी कि एक कार में तीन लोग, जिनमें एक महिला भी शामिल है, बेहोश पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो ड्राइविंग सीट पर करीब 76 साल का बुजुर्ग बैठा मिला। एक 42 साल के व्यक्ति को राहगीरों ने कार से बाहर निकाला हुआ था। करीब 40 साल की महिला कार के अंदर पड़ी थी। तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार से शराब, कोल्ड ड्रिंक, नकदी और दस्तावेज बरामद वाहन की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी, हेलमेट, जैकेट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले। मृतकों की पहचान बापरौला निवासी रंधीर (76), नगली डेयरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर शिव नरेश (42) और जहांगीरपुरी निवासी लक्ष्मी (40) के रूप में हुई। परिजनों ने आत्महत्या से इनकार किया और मौत की परिस्थितियों पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। कॉल डिटेल से खुला राज पुलिस की तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि घटना से पहले तीनों की कमरुद्दीन से लगातार बातचीत हो रही थी। तीनों पहले घटना से एक दिन पहले और फिर घटना वाले दिन गाजियाबाद के लोनी गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि जब वे दिल्ली लौट रहे थे, तब कार में एक और व्यक्ति मौजूद था। आगे की जांच में पुष्टि हुई कि वह व्यक्ति कमरुद्दीन था, जो लोनी से कार में बैठा और बाद में उसी जगह कार छोड़कर फरार हो गया, जहां तीनों बेहोश मिले। पूजा के नाम पर 2 लाख मंगवाए पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले जहांगीरपुरी निवासी सलीम के जरिए लक्ष्मी की उससे पहचान हुई थी। बाद में लक्ष्मी ने शिव नरेश और रंधीर से उसकी मुलाकात कराई। कमरुद्दीन ने तीनों को दहनवर्षा के लिए विशेष पूजा कराने का झांसा दिया। उसने उनसे 2 लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था करने को कहा। जहर मिले लड्डू खिलाए घटना वाले दिन आरोपी ने कथित तौर पर जहर मिले लड्डू तैयार किए और लोनी से दिल्ली तक कार में उनके साथ आया। रास्ते में उसने पूजा के नाम पर उन्हें शराब, कोल्ड ड्रिंक और जहर मिले लड्डू खिलाए। डीसीपी के मुताबिक, लड्डू और पेय पदार्थ लेने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गया। CCTV और लोकेशन से पुष्टि पुलिस ने बताया कि आरोपी की मौजूदगी कार में होने की पुष्टि सबूतों से हुई है। रूट के CCTV फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकेशन डेटा से जांच में बनाए गए घटनाक्रम की पुष्टि हुई। पहले भी दो हत्या के मामले दर्ज डीसीपी के अनुसार, कमरुद्दीन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इसी तरह के दो हत्या के मामले पहले भी दर्ज हैं। साल 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले के राजा खेड़ा थाने में IPC की धारा 143, 363 और 302 के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं, 2025 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाने में BNS की धारा 103(1) और 123 के तहत एक और FIR दर्ज है। पश्चिम विहार ईस्ट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संभावित साथियों की पहचान के लिए आगे की जांच कर रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here