भगवान महावीर की तपोधरा उज्जयिनी में 1008वें तीर्थंकर श्री महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा चार दिवसीय भव्य आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। मुख्य संयोजक नितिन डोशी व समन्वयक अनिल गंगवाल ने बताया कि 1008वें तीर्थंकर श्री महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के तत्वावधान में 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 29 मार्च: भव्य शुभारंभ व मंगलाचरण महोत्सव का शुभारंभ 29 मार्च को संध्या 7 बजे श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन जिनालय, बिनोद मिल परिसर में होगा। यहां मंगलाचरण, नृत्य प्रतियोगिता एवं भजनों पर आधारित ‘अक्षय निधि जैन तंबोला’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नई दिल्ली की अंचल जैन ‘मिरेकल क्वीन’ और भजन गायिका इंदू जैन होंगी। संयोजन दिगंबर जैन महिला परिषद अवंति, दिगंबर जैन महिला महासमिति उज्जैन, महिला मंडल जिनियस और परवार महिला मंडल द्वारा किया जा रहा है। 30 मार्च: प्रभातफेरी, महिला सम्मेलन व महाआरती 30 मार्च को प्रातः 5:45 बजे शहर के विभिन्न मार्ग नमक मंडी, पंचायती मंदिर और नयापुरा से प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जो प्रातः 7 बजे फव्वारा चौक स्थित महावीर कीर्ति स्तंभ पहुंचेगी। यहां सामूहिक ध्वजवंदन एवं स्वल्पाहार होगा। इसका संयोजन विभिन्न दिगंबर जैन सोशल ग्रुप्स द्वारा किया जा रहा है। दोपहर 1:30 बजे श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, नमकमंडी में विशाल महिला सम्मेलन होगा। इसका संयोजन श्री दिगंबर जैन आदिनाथ महिला मंडल व दिगंबर जैन महासमिति महिला संभाग, उज्जैन सहित नगर के सभी महिला मंडल करेंगे। शाम 7 बजे टॉवर चौक पर श्री महावीर तपोभूमि ट्रस्ट द्वारा ‘एक शाम भगवान महावीर के नाम’ कार्यक्रम व 1008 दीपकों से महाआरती होगी। शाम 7:30 बजे सेठी नगर के गाय-शेर चौराहे पर मूलनायक भगवान महावीर की भव्य महाआरती की जाएगी। 31 मार्च: मंगल शोभायात्रा व वात्सल्य भोज मुख्य दिवस महावीर जयंती पर मंगलवार को प्रातः 7:30 बजे श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, नमकमंडी से मंगल शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा छोटा सराफा, कंठाल, नई सड़क, दौलतगंज, सखीपुरा, तोपखाना, उपकेश्वर चौराहा व खारा कुआं होते हुए पुनः नमकमंडी जिनालय पहुंचेगी, जहां श्रीजी के कलशाभिषेक होंगे। इसके पश्चात श्री नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जयसिंहपुरा में सकल दिगंबर जैन समाज का सामूहिक वात्सल्य भोज होगा। शाम 4 बजे से श्री महावीर तपोभूमि, सांवेर रोड पर रथ यात्रा, जन्म कल्याण अभिषेक, वात्सल्य भोज व पालना झुलाने का कार्यक्रम होगा। 1 अप्रैल: दरिद्रनारायण भोज 1 अप्रैल को हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम एवं अन्य स्थानों पर श्री पार्श्वमती पारणा समिति, उज्जैन की ओर से दरिद्रनारायण भोज कराया जाएगा। श्वेत-केसरिया परिधान में आएंगे समिति ने समाजजनों से अपील की है कि शोभायात्रा में पुरुष श्वेत तथा महिलाएं केसरिया परिधान में शामिल हों। इस दिन अपने प्रतिष्ठान बंद रखें और घरों व मंदिरों में रोशनी कर ध्वजा लगाएं। जयसिंहपुरा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जंतर-मंतर चौराहे और लाल पुल की तरफ पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा, 19 अप्रैल 2026 को दर्शनगिरि में 14 वर्ष पश्चात होने वाले महामस्तकाभिषेक के लिए भी समाजजनों से दर्शनार्थ पधारने का आग्रह किया है।
