झाबुआ जिले के थांदला की पुरानी मंडी के पास पद्मावती नदी किनारे बने वाटर फिल्टर प्लांट में शुक्रवार शाम क्लोरीन गैस लीक हो गई। इस घटना के बाद करीब एक किलोमीटर के इलाके में गैस की बदबू फैल गई, जिससे लोगों की आंखों में जलन होने लगी और सांस लेना मुश्किल हो गया। जैसे ही गैस लीक होने की खबर फैली, घबराए हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी अफसरों को दी, जिसके बाद प्रशासन और नगर परिषद की टीमें हरकत में आईं। एसडीएम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे एसडीएम भास्कर गाचले और टीआई अशोक कनेश पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। नगर परिषद सीएमओ कमलेश जायसवाल ने बताया कि यह क्लोरीन गैस थी, जिसका इस्तेमाल पानी साफ करने के लिए किया जाता है। 20 से ज्यादा लोग पहुंचे अस्पताल बताया जा रहा है कि गैस के असर की वजह से 20 से ज्यादा लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। हालात पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड और नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर डटे हुए हैं और रिसाव को पूरी तरह रोकने की कोशिश कर रहे हैं। लापरवाही या तकनीकी खराबी की होगी जांच हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि गैस लीक किसी तकनीकी खराबी से हुई या किसी की लापरवाही की वजह से। अधिकारी प्लांट पर मौजूद हैं और मामले की पूरी जांच की जा रही है ताकि आगे ऐसी घटना दोबारा न हो।
