डिंडौरी नगर में कॉलेज तिराहा से समनापुर तिराहा तक लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में बने 25 स्पीड ब्रेकर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोग शिकायत कर रहे हैं कि इन ब्रेकरों पर न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही पुताई की गई है। इसके कारण बाइक और स्कूटी चालक दूर से ब्रेकर को नहीं देख पाते और गिरकर चोटिल हो जाते हैं। स्थानीय निवासी सत्यम बर्मन ने बताया कि बस स्टैंड के पास बने ब्रेकर पर पिछले तीन-चार दिनों में लगभग पांच से छह लोग गिर चुके हैं। नगर पालिका का आश्वासन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमित तिवारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक में यातायात पुलिस द्वारा चिन्हित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश मिले थे। होली के त्योहार के कारण काम रुक गया था, जिसे अब जल्द ही नियमों के अनुसार पूरा करवाया जाएगा। दिशा-निर्देश और रंबल स्ट्रिप इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के अनुसार, स्पीड ब्रेकर की अधिकतम ऊंचाई 4 इंच (10-100 मिमी) और चौड़ाई 3.5 से 3.7 मीटर होनी चाहिए। दोनों ओर 2-2 मीटर का ढलान होना आवश्यक है ताकि वाहन आसानी से उतर सकें। इसके अलावा ब्रेकर पर सफेद/काली मार्किंग, 40 मीटर पहले चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगे होने चाहिए। अधिकारी बोले- यातायात निरीक्षक सुभाष उईके ने बताया कि पहले कॉलेज तिराहा, भवानी चौक, पुराना यातायात चौराहा, अस्पताल गेट के सामने, अवंती बाई चौक, राम मंदिर तिराहा, भारत माता चौक, उत्कृष्ट विद्यालय के सामने, जैन पेट्रोल पंप के पास और पुरानी डिंडोरी तिराहा जैसे स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाए गए थे, जो खराब हो चुके थे। अब उनकी मरम्मत और संकेतक लगाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोग चाहते हैं कि नगर पालिका और पुलिस जल्द से जल्द चेतावनी बोर्ड और पुताई कर सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
