डबरा नगर पालिका के तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रदीप भदोरिया के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना में एक करोड़ रुपए से अधिक के भ्रष्टाचार के आरोप में गुरुवार को मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पार्षद धर्मेंद्र सिंह ‘हैप्पी’ की 18 महीने की शिकायत के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भोपाल में की गई है। ये है पूरा मामला प्रदीप भदोरिया वर्तमान में टीकमगढ़ जिले की लिधोरा खास नगर परिषद में पदस्थ हैं। वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद धर्मेंद्र सिंह ‘हैप्पी’ ने ईओडब्ल्यू ग्वालियर को शिकायत दी थी। आरोप है कि तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदोरिया ने 1 अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल 2024 के बीच पीएम आवास योजना के तहत हितग्राहियों को सरकार द्वारा निर्धारित 2.50 लाख रुपए के बजाय सांठगांठ कर 3 लाख रुपए का भुगतान कराया। जांच में पाया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति हितग्राही को कुल 2,50,000 रुपए की राशि तीन किस्तों में दी जानी निर्धारित है। इसके विपरीत, आरोपियों ने 13 विशिष्ट हितग्राहियों के खातों में नियम विरुद्ध तरीके से 3,00,000 रुपए की राशि पोर्टल के माध्यम से जमा की। भुगतान प्रक्रियाओं में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अनिवार्य जियो टैगिंग और नोटशीट संचालन के बिना ही सीधे पीपीए (PPA) जारी कर भुगतान करा दिया गया। यह प्रक्रिया नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। आपॅरेटर पर भी केस दर्ज सीएमओ भदोरिया ने संविदा कर्मचारी राहुल गुप्ता को नियम विरुद्ध तरीके से पोर्टल संचालन और भुगतान प्रक्रियाओं के लिए अधिकृत किया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर रिश्वत ली और हितग्राहियों को निर्धारित राशि से अधिक अनुदान का भुगतान किया। बिना भौतिक सत्यापन (जियो टैगिंग) और उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना 1,31,50,000 रुपए की राशि का आहरण कर शासन को वित्तीय क्षति पहुंचाई गई। इसी आधार पर प्रदीप भदोरिया और कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
