गुना के एक व्यापारी के साथ अमानत में खयानत कर पशु आहार के 200 कट्टे खुर्द-बुर्द करने वाले ट्रक चालक और माल खरीदने वाले ढाबा संचालक को गुना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बेचे गए माल की कुल राशि 3 लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल ट्रक जब्त कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। घटनाक्रम के अनुसार, महावीरपुरा निवासी व्यापारी देवेंद्र साहू ने देवास से पशु आहार के 600 कट्टे मंगवाए थे, जो इंदौर के एक ट्रक आरजे 09 जीसी 0144 से गुना पहुँचे थे। 16 फरवरी 2026 को ट्रक चालक ने 500 कट्टे गुना में उतारे, जिसके बाद व्यापारी ने बाकी 100 कट्टे और अतिरिक्त 100 कट्टे (कुल 200 कट्टे) बेरखेड़ी स्थित दीनू किराना पर उतारने के लिए भेजे थे। चालक देवेंद्र सिसोदिया इन कट्टों को गंतव्य पर पहुंचाने के बजाय कहीं और ले गया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कोतवाली पुलिस ने 22 फरवरी को नजीराबाद निवासी ट्रक चालक देवेंद्र सिसोदिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि उसने 3 लाख रुपये कीमत का पशु आहार ब्यावरा के संस्कृति ढाबा संचालक राहुल सौंधिया को मात्र 2 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने चालक से 30 हजार रुपये और ट्रक बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र की मदद से 24 फरवरी को दूसरे आरोपी राहुल सौंधिया को भी राजगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया। राहुल के कब्जे से पुलिस ने शेष 2.70 लाख रुपये नकद बरामद किए। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
