पनागर के मेन रोड स्थित जयप्रकाश वार्ड में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घरों से बाल्टियों में पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की तत्परता और मशक्कत के चलते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घंटों बंद रही बिजली आपूर्ति घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही, जिससे रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल रहने का असर व्यापार पर भी पड़ा। खासकर आइसक्रीम और अन्य ठंडी वस्तुएं बेचने वाले दुकानदारों को फ्रीजर बंद होने के कारण नुकसान उठाना पड़ा। ट्रांसफार्मर से हो रहा था तेल का रिसाव स्थानीय निवासियों ने बताया कि संबंधित ट्रांसफार्मर से कई दिनों से तेल का रिसाव हो रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन समय पर कोई सुधार कार्य नहीं किया गया। अधिकारियों द्वारा केवल सड़क निर्माण के बाद पोल शिफ्टिंग का आश्वासन दिया जाता रहा। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने ट्रांसफार्मर की जल्द मरम्मत कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
