सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र स्थित चनाटोरिया में रविवार रात 2:30 बजे एक पुट्ठा (गत्ता) फैक्ट्री में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए आर्मी बुलानी पड़ी और 7 घंटे की मशक्कत के बाद 10 से अधिक दमकलों की मदद से इस पर काबू पा लिया गया है। आग लगातार बढ़ने पर मकरोनिया नगर पालिका, सागर नगर निगम और शाहपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। आग पर काबू नहीं पाए जाने पर आर्मी को सूचना दी गई, जिसके बाद आर्मी की फायर फाइटर टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। 10 से अधिक फायर गाड़ियों ने सेना के साथ मिलकर करीब 7 घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 11:30 बजे तक धधकता रहा कचरा, मलबा हटाने बुलाई जेसीबी 7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कचरे में आग सोमवार सुबह 11:30 बजे तक धधकती रही। घटनाक्रम के बाद मौके पर जेसीबी बुलाई गई है, जिसकी मदद से फैक्ट्री परिसर में धधक रहे कचरे और मलबे को हटाया जा रहा है। जेसीबी से मलबा हटाकर आग को पूरी तरह से बुझाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। रात 2:30 बजे उठीं 10 फीट ऊंची लपटें रविवार रात करीब 2.30 बजे चनाटोरिया पर स्थित पुट्ठा (पेपर के गत्ते) बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी। आग की 10 फीट ऊंची लपटें उठती देख वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, नुकसान का आंकलन जारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगजनी का पंचनामा बना लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस द्वारा इस फैक्ट्री में आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। इस आगजनी में फैक्ट्री संचालक को कुल कितने का नुकसान हुआ है, यह स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
