सागर की रहली थाना पुलिस ने किराना दुकान में चोरी की वारदात कर भागे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी गया गुटखा, सिगरेट, कार व अन्य सामान जब्त किया गया है। आरोपियों को थाने लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी को फरियादी नीरज कुमार जैन निवासी साहू कालोनी रहली ने थाने में शिकायत की। शिकायत में बताया कि गांधी चौक बस स्टैंड के पास किराना की दुकान संचालित करता हूं। 13 फरवरी की रात रोजाना की तरह किराना दुकान को बंद करके अपने घर चला गया था। सुबह करीब 9.30 बजे छोटा भाई नीतेश जैन दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो दुकान में लगी छोटी शटर के दोनों ताले खुले थे। बाजू वाली शटर के ताले लगे थे। भाई नीतेश ने फोन पर बताया कि दुकान की छोटी शटर के ताले खुले हैं सूचना मिलते ही दुकान पर पहुंचा और देखा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच की तो अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट 50 विंडल। जिसमें कुछ 20 की मात्रा और कुछ 50 की मात्रा की सिगरेट थी। गुटखा जिसमें कुछ 5 के पैकेट, कुछ 3 के पैकेट और कुछ 2 के पैकेट, 100 बड़े वाले गुटखा के पैकेट और 200 छोटे वाले गुटखा के पैकेट गायब थे। इसके साथ ही काउंटर में रखे नकद रुपए, बिल और उधारी डायरी नहीं थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी नहीं था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाए आरोपी आरोपियों की तलाश करते हुए पुलिस ने वारदातस्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कैमरों में कुछ संदिग्ध कार के साथ नजर आए। जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में उपयोग किया गया वाहन सागर से रानगिर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही मंगलवार को पुलिस ने रानगिर रोड पर कार की घेराबंदी कर पकड़ा। उसमें बैठे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम आकाश पिता भगवानदास रजक उम्र 19 साल निवासी मढिया विट्ठलनगर, आजाद पिता सुन्दरलाल पटेल उम्र 20 साल निवासी चिरई कॉलोनी और इरफान अली उर्फ मस्कट पिता दिलावर अली उम्र 18 साल निवासी शुक्रवारी मस्जिद के पीछे दयानंद वार्ड सागर होना बताया। कार की तलाशी ली तो उसमें गुटखा, सिगरेट बरामद हुआ। थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने रहली बस स्टैंड के पास किराना दुकान में चोरी करने का अपराध स्वीकार किया। रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि किराना दुकान में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कार व गुटखा, सिगरेट जब्त की है। तीनों आरोपी सागर के रहने वाले है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
