टीकमगढ़ में झांसी हाईवे पर सोमवार रात एक तेज रफ्तार कार ने 8 साल के बच्चे को कुचल दिया। हादसे के बाद मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिगौड़ा थाना इलाके के बिघा तिराहा के पास की है। 8 साल का भारत कुशवाहा अपने पिता बालमुकुंद के साथ एक रिश्तेदारी से लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे जैसे ही भारत यात्री बस से नीचे उतरा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारत काफी दूर जाकर गिरा। मदद के बहाने अस्पताल पहुंचे और फरार हुए हादसे के बाद कार में सवार चार लोगों ने मदद का नाटक किया। वे बच्चे को अपनी कार में डालकर अस्पताल ले जाने लगे, उनके साथ बच्चे के माता-पिता भी बैठ गए। जैसे ही जिला अस्पताल पहुंचकर माता-पिता बच्चे को लेकर अंदर गए, चारों आरोपी अपनी कार वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने कार जब्त की डॉक्टर ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार हुए चारों लोगों की तलाश की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
