भोपाल ईडी ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भोलासिंह और उनके परिवार से जुड़ी करीब 2.79 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क (अटैच) किया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत की गई है।
ईडी के अनुसार भोलासिंह नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) रह चुके हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने भोला सिंह के खिलाफ जांच शुरू की थी जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप लगाए गए थे।
जांच में सामने आया कि 1 जनवरी 2022 से 31 जनवरी 2024 के बीच भोलासिंह के पास करीब 1.74 करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति पाई गई थी जो लगभग 124% अधिक बताई गई है।
ईडी की जांच के दौरान बैंक लॉकरों से करीब 1.94 करोड़ रुपए नकद और सोने के आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा रांची के SAIL सिटी में स्थित करीब 85.45 लाख रुपए मूल्य का एक आलीशान फ्लैट भी जांच के दायरे में आया, जिसे वैध आय के अनुपात में संदिग्ध पाया गया। इन तथ्यों के आधार पर ED ने कुल 2.79 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की है जिसमें नकदी, सोने के आभूषण और आवासीय फ्लैट शामिल हैं। ईडी ने इसे अपराध से अर्जित आय मानते हुए अटैच किया है और आगे की जांच जारी है।
