उमरिया जिले के मरदरहार में एक 60 वर्षीय किसान मन्नू सिंह का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मन्नू सिंह 18 मार्च से लापता थे और उनका शव शुक्रवार को घर से करीब चार किलोमीटर दूर बधवा नाले के पास मिला। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मन्नू सिंह मरदरी गांव के रहने वाले थे और अपने खेत में ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। परिजन के मुताबिक, वे 18 मार्च से अचानक गायब हो गए थे, जिसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को जब उनका शव मिला, तो वह काफी हद तक गल चुका था, जिससे मौके पर मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। परिजन ने जताई हत्या की आशंका घटना की खबर मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मन्नू सिंह के परिवार ने इस मामले में हत्या का शक जताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कोतवाली पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
