उज्जैन के केशव नगर में हफ्ता मांगने के विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। आधा दर्जन लोगों ने कोचिंग संचालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरिफ और इमरान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। नीलगंगा पुलिस के मुताबिक केशव नगर निवासी अजय जागरी कोचिंग क्लास संचालित करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे क्षेत्र के ही इमरान और आरिफ ने उनसे कथित रूप से हफ्ता मांगा। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान उनके परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। अजय के घर के बाहर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान यहां पर खड़े बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भी पुलिस ने पिटाई कर दी। वीडियो वायरल होने पर हिंदूवादी संगठन ने थाने का घेराव कर दिया। महाकाल जाने वाला रोड जाम कर दिया था। हालांकि, कुछ ही देर बाद पुलिस की समझाइश पर प्रदर्शन खत्म कर दिया गया। पीड़ित गंभीर रूप से घायल, इंदौर रेफर हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी पूनम से भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। घायल अजय को पहले चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर कर दिया गया। वहीं आरोपी पक्ष की ओर से आरिफ की बहन नसरीन ने अलग बयान देते हुए कहा कि उनका परिवार ऑटो से जा रहा था, तभी अजय और उनकी पत्नी घर के बाहर खड़े थे। घूरने को लेकर कहासुनी हुई और पुरानी रंजिश के चलते विवाद मारपीट में बदल गया।
