इटारसी में 23 मार्च को शहीद दिवस के मौके पर राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। जहां एक तरफ युवक कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने शहीदों को याद करते हुए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। युवक कांग्रेस ने शाम 6 बजे जयस्तंभ चौक से मशाल जुलूस निकाला। इससे पहले भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि शहीदों के बताए रास्ते पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। जुलूस में खास तौर पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध किया गया। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने आरोप लगाया कि यह समझौता छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए नुकसानदेह साबित होगा कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह जुलूस आरएमएस चौराहा और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस जयस्तंभ चौक पर खत्म हुआ। भाजपा ने किया शहीदों को नमन दूसरी तरफ, पुरानी इटारसी में भाजपा मंडल और श्री बजरंग व्यायाम शाला ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने क्रांतिकारियों के चित्रों पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान और उनकी देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का काम करेगी। इस कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए। दोनों ही आयोजनों के चलते शहर के मुख्य चौराहों पर काफी चहल-पहल बनी रही।
