इंदौर के गांधी भवन के सामने शनिवार को भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई पत्थरबाजी के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने खुद फरियादी बनकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि एक अधिकारी को धक्का देने का वीडियो भी सामने आने के बाद सरकारी काम में बाधा का केस बनाया है। पुलिस फुटेज और ड्रोन कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। दो दिन पहले गांधी भवन (कांग्रेस कार्यालय) के सामने भाजयुमो के प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पत्थर, टमाटर, संतरे और पानी की बोतलें फेंकी गईं। पुलिस को वाटर कैनन चलाना पड़ा। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर एसएस बघेल (द्वारकापुरी थाना) घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान उन पर पत्थर मारा गया। थानेदार ने सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज कराया है। इधर, वायरल वीडियो में भाजपा नेता अखिलेश राय पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। साथ ही एडीसीपी दिशेष अग्रवाल के साथ बदसलूकी और धक्का देने का फुटेज भी सामने आया है। एक युवक ने पीछे से एडीसीपी को धक्का देकर गिरा दिया। हालांकि, अधिकारी ने खुद रिपोर्ट नहीं लिखाई, लेकिन थाने से कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस अब कैमरों और ड्रोन फुटेज से आरोपियों को पकड़ने की तैयारी में है। टमाटर विवाद और आरोप-प्रत्यारोप झड़प के दौरान टमाटर फेंके जाने को लेकर विवाद हुआ। कांग्रेस पर आरोप लगा कि उन्होंने चोइथराम मंडी से टमाटर के कैरेट मंगवाए। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने मंडी सचिव को फोन कर सीसीटीवी चेक करने को कहा, लेकिन कैमरों में कोई कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार, टमाटर का इंतजाम भाजपा नेताओं ने ही किया था। कांग्रेस की सूची में कई बड़े नाम कांग्रेस ने पुलिस को पत्थरबाजी करने वालों की सूची सौंपी है, जिसमें भाजपा के कई पदाधिकारी शामिल हैं। सूची में ये प्रमुख नाम शामिल हैं.. 34 नामों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग घायल हुई बिंदु चौहान सहित कुल 34 नामों पर केस दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के फुटेज की जांच कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारियां होने की संभावना है। घटना के बाद इंदौर की सियासत गरमा गई है, जहां दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हमले की योजना बनाने का आरोप लगा रही हैं। यह खबर भी पढ़ें… एमपी में भाजयुमो–कांग्रेसी भिड़े, पथराव में SI समेत कई घायल दिल्ली के ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को मध्यप्रदेश के कई शहरों में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया। इंदौर में यह प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। इंदौर में भाजयुमो कार्यकर्ता जब कांग्रेस कार्यालय (गांधी भवन) की ओर बढ़े तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच पत्थर, बोतलें, टमाटर और संतरे फेंके गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…
