Homeमध्यप्रदेशइंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा बड़नगर:सीएम बोले- व्यायामशालाओं को 1-1 लाख...

इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा बड़नगर:सीएम बोले- व्यायामशालाओं को 1-1 लाख और गोशालाओं को नरवाई मशीन के लिए मिलेगी मदद

उज्जैन जिले का बड़नगर अब विकास के बड़े प्लान में शामिल होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि बड़नगर को इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल किया जाएगा। इससे क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और शहरी विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मुख्यमंत्री निवास में उस समय की, जब बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के लोग नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति के लिए उनका आभार व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान बड़नगरवासियों ने साफा और गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 40 किमी घट जाएगी रतलाम की दूरी सीएम ने कहा कि क्षेत्र के लिए करीब 150 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग बड़ी सौगात है। इस सड़क के बनने से रतलाम की दूरी करीब 40 किलोमीटर कम हो जाएगी और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नया दो लेन मार्ग गंभीर डैम के पास से नागदा होते हुए निकलेगा। अभी रतलाम से उज्जैन आने के लिए बदनावर-बड़नगर मार्ग से करीब 115 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है, जबकि नए मार्ग की लंबाई करीब 74 किलोमीटर होगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी घटेगा। राजस्थान-गुजरात से कनेक्टिविटी बढ़ेगी डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को देखते हुए यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण होगी। उज्जैन में बनने वाले नए विमानतल और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से बड़नगर का संपर्क रतलाम के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात से भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास का आधार हैं और इनके बनने से पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र की व्यायामशालाओं को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा भी की। साथ ही क्षेत्र में संचालित गौशालाओं को नरवाई प्रबंधन के लिए मशीन खरीदने में सहायता देने के लिए स्वेच्छानुदान से अंश राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे नरवाई के समाधान के साथ गौशालाओं को भूसा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। धार में देश के पहले पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क के निर्माण से भी बड़नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को आर्थिक लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here