मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने सूबेदार और उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा (द्वितीय चरण) की तारीख एक बार फिर बदल दी है। अब यह परीक्षा 29 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। इससे पहले परीक्षा 9 अप्रैल, फिर 26 अप्रैल तय की गई थी। बार-बार बदलाव से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही, हालांकि ईएसबी अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय अभ्यर्थियों के हित में लिया गया है। दरअसल, 27 अप्रैल को होने वाली एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा से क्लैश को देखते हुए यह बदलाव किया गया है, ताकि उम्मीदवार दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकें। 5734 अभ्यर्थी द्वितीय चरण के लिए पात्र
इस भर्ती की मुख्य परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने प्रथम चरण की लिखित परीक्षा पास की है। प्रथम चरण का परिणाम 12 मार्च को घोषित किया गया था। यह परीक्षा जनवरी 2025 में आयोजित हुई थी। इसके आधार पर कुल 5734 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए पात्र घोषित किया गया है। तीसरी बार बदली परीक्षा की डेट
ईएसबी ने पहले इस परीक्षा को 9 अप्रैल 2026 को आयोजित करने की योजना बनाई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 26 अप्रैल किया गया, लेकिन अब नई संशोधित सूचना के अनुसार परीक्षा 29 अप्रैल को होगी। इस तरह भर्ती परीक्षा की तारीख तीन बार बदली जा चुकी है। ईएसबी अधिकारियों के अनुसार 27 अप्रैल को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होनी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में क्लैश की स्थिति से बचने के लिए मुख्य परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाकर 29 अप्रैल करने का फैसला लिया गया है। 8 अप्रैल तक जमा होगा परीक्षा शुल्क
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 25 मार्च से 8 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल वही उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा किया होगा। ईएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए सभी अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र भोपाल में बनाए जा सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। तारीख आगे बढ़ने से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय जरूर मिला है, लेकिन बार-बार बदलाव से असमंजस की स्थिति भी बनी है।
